थानों के सफाई कर्मियों ने डीएम से कहा कि 1200 रुपए में घर नहीं चलता
FATEHPUR NEWS: जनपद के थानों और कोतवाली में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। सौंपे गए इस ज्ञापन में कर्मचारियों ने मानदेय बढ़ाने और स्थायी नियुक्ति की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी दो से तीन पीढ़ियां थानों में सफाई का काम कर रही हैं। उन्हें वर्तमान में मात्र 1200 रुपए प्रतिमाह मिलते हैं। यह राशि महंगाई के इस दौर में परिवार चलाने के लिए बहुत कम है। सफाई कर्मचारी रोजाना 6 से 8 घंटे काम करते हैं। इतने लंबे कार्य समय के कारण वे कोई दूसरा काम नहीं कर पाते। कम मानदेय के कारण बच्चों की परवरिश और बेटियों की शादी जैसे कार्यों में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से अपनी समस्याओं पर विचार करने का अनुरोध किया है। उनकी मांग है कि मानदेय बढ़ाया जाए और उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। इस मौके पर भूपेंद्र, कल्लू, शिवकुमार, रामादेवी, गुलाबा देवी, संतोष, सुनीता देवी, करण कुमार, अशोक, रजोल, धर्मेंद्र कुमार, बृजेश, सुरेश, रवि कुमार और शिव कुमार समेत कई सफाई कर्मचारी मौजूद थे।







