केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित किया गया वित्त प्रबंधन विषय पर कार्यशाला
BHADOHI NEWS: केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय औराई में मंगलवार को संस्थागत नवाचार परिषद के तत्वाधान में स्टार्टअप के लिए पूंजी जुटाने और वित्त प्रबंधन विषयक पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो.रीना सिंह व प्राचार्य सरदार वल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय डिग्री कॉलेज बरकी सेवापुरी बिनोद कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कार्यशाला के मुख्य वक्ता महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.प्रभात कुमार पांडेय ने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल व्यवसायिक विचार होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सफल बनाने के लिए सही वित्तीय प्रबंधन एवं पूंजी निवेश की समझ होना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने बैंक ऋण, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया योजना, स्वयं सहायता समूह तथा एंजेल इन्वेस्टमेंट जैसे विभिन्न वित्तीय स्रोतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं विशिष्ट अतिथि बिनोद कुमार ने छात्राओं को आय-व्यय संतुलन, बचत, निवेश तथा जोखिम प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया और कहा कि युवा पीढ़ी यदि नवाचार एवं उद्यमिता को अपनाए,तो देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर अपने व्यवसायिक विचार साझा किए। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ.रीना सिंह ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं छात्राओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्राओं को नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर डॉ.कृष्ण कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर हिंदी राजकीय महाविद्यालय नौगढ़ व महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ.अमर सिंह ने किया। अंत में डॉ.श्वेता त्रिपाठी ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया।





