Home उत्तर प्रदेश सपा कार्यालय में मनाई गई वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती, सांसद...

सपा कार्यालय में मनाई गई वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती, सांसद नरेश उत्तम पटेल ने किया नमन

1857 की महान वीरांगना के साहस और बलिदान को किया याद
FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर मंगलवार को जिला पार्टी कार्यालय में 1857 की महान वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद नरेश उत्तम पटेल ने वीरांगना ऊदा देवी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख वीरांगनाओं में से एक थीं। उनके पति भी अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए शहीद हो गए थे। पति की शहादत का बदला लेने का संकल्प लेकर ऊदा देवी ने 16 नवंबर 1857 को सिकंदरा बाग की लड़ाई में अद्भुत वीरता का परिचय दिया। उन्होंने एक पेड़ पर चढ़कर अंग्रेजी सेना पर हमला किया और 30 से अधिक ब्रिटिश सैनिकों को मार गिराया। अंततः अंग्रेजों ने उन्हें शहीद कर दिया, लेकिन उनका बलिदान इतिहास में अमर हो गया। सांसद ने कहा कि ऊदा देवी का जीवन साहस, देशभक्ति और महिला सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण है। उनके संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह ने की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा स्वतंत्रता संग्राम के वीर-वीरांगनाओं के योगदान को सम्मान देने का कार्य करती रही है और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर संतोष द्विवेदी, कमलेश वर्मा, हीरालाल साहू, अरुणेश पांडे, नागेंद्र यादव, आशीष नामदेव, नंदकिशोर पाल, डॉ. राम नरेश पटेल, नरेंद्र लोधी, सत्यम यादव, मोहम्मद शारिक, इमाम उल्ला, अजय कुमार, राम कृपाल, गोमती देवी, अरविंद यादव, वीरेंद्र यादव, दशरथ, उदय यादव, राजा राम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वीरांगना ऊदा देवी के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।