Home उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा व खनन पर सख्त निर्देश, रात में खनन पर रोक—...

सड़क सुरक्षा व खनन पर सख्त निर्देश, रात में खनन पर रोक— डीएम

FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा और खनन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मिट्टी का खनन केवल दिन में ही किया जाए, रात्रि में किसी भी दशा में खनन न हो। खनन स्थलों पर वैध अनुमति और क्षेत्र सीमा से संबंधित बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही खनन परिवहन के दौरान आबादी वाले मार्गों पर पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल न उड़े। उन्होंने ओवरलोड और अवैध खनन पर सख्त रोक लगाने के निर्देश देते हुए टास्क फोर्स को प्रभावी कार्रवाई करने के लिए कहा। एआरटीओ को निर्देशित किया गया कि खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर स्पष्ट नंबर प्लेट और वैध कागजात सुनिश्चित किए जाएं। पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए बिना हेलमेट दोपहिया और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहनों के चालकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की बात कही। जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी को हाईवे से जुड़े मार्गों पर स्पीड ब्रेकर, साइनेज और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, लोक निर्माण विभाग एवं परिवहन विभाग के अधिकारी सहित संबंधित मौजूद रहे।