Home उत्तर प्रदेश सड़क भूमिपूजन बना सियासी संग्राम, भाजपा –  सपा महिला विधायकों में तीखी...

सड़क भूमिपूजन बना सियासी संग्राम, भाजपा –  सपा महिला विधायकों में तीखी बहस

“यह मेरा क्षेत्र है” बनाम “सार्वजनिक कार्यक्रम”—मंच पर भिड़ीं दो विधायक

भूमिपूजन के मंच पर गरमाई राजनीति, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

सड़क निर्माण से पहले सियासी टकराव, दोनों विधायकों में नोकझोंक
FATEHPUR NEWS:  जिले में सड़क के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान भाजपा और सपा की महिला विधायकों के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा पासवान (भाजपा) और उषा मौर्य (सपा) को खागा बाईपास से नौबस्ता रोड पर प्रस्तावित सड़क निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। यह सड़क करीब 13 किलोमीटर लंबी बताई जा रही है, जो दो विधानसभा क्षेत्रों के बीच पड़ती है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही भाजपा विधायक मंच पर बैठ गईं, जबकि सपा विधायक को पीछे बैठना पड़ा। इसी बात को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। वायरल वीडियो में सपा विधायक उषा मौर्य यह कहते हुए नजर आ रही हैं कि सड़क उनके विधानसभा क्षेत्र में भी आती है और उन्हें विधिवत आमंत्रित किया गया था। जिस पर सपा विधायक ऊषा मौर्य ने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्या उन्हें अपमानित करने के लिए बुलाया गया है। वहीं भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने कार्यक्रम को अपने क्षेत्र का बताते हुए कहा कि भूमिपूजन वही करेंगी और सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी उनके द्वारा भेजा गया है। दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच यह बहस कुछ देर तक चलती रही, जिससे कार्यक्रम का माहौल भी गर्म हो गया। मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय राजनीति में हलचल जरूर बढ़ा दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद क्षेत्रीय वर्चस्व और सियासी प्रतिस्पर्धा का प्रतीक है, जो अब खुले मंच तक पहुंच गया है।