Home उत्तर प्रदेश सचिव से मारपीट के बाद 3 दिन से बंद है खाद वितरण,...

सचिव से मारपीट के बाद 3 दिन से बंद है खाद वितरण, रोपाई में जुटे किसान परेशान

KUSHINAGAR NEWS: विशुनपुरा ब्लॉक की साधन सहकारी समिति सरपतही खुर्द पर सचिव से मारपीट की घटना के बाद पिछले तीन दिनों से खाद वितरण पूरी तरह बंद है। इससे धान की रोपाई कर रहे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार 11 जुलाई की शाम समिति के सचिव सुभाष सिंह ढोरही गांव के समीप एक चाय की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव का एक किसान पहुंचा और 10 बोरी खाद देने की मांग करने लगा। सचिव द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का हवाला देकर मना करने पर किसान ने उनके साथ मारपीट कर दी, जिसमें वह घायल हो गए। सचिव ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना से नाराज सचिव ने खाद वितरण रोक दिया है। उनका कहना है कि समिति में यूरिया, डीएपी समेत पर्याप्त खाद उपलब्ध है, लेकिन आरोपी किसान के खिलाफ सख्त कार्रवाई न होने तक वितरण शुरू नहीं होगा। उधर धान की रोपाई के पीक सीजन में खाद न मिलने से किसान बेहाल हैं। रोजाना दर्जनों किसान समिति पहुंचकर वापस लौट रहे हैं। मजबूरी में किसानों को निजी दुकानों से अधिक दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है। इस संबंध में उप कृषि निदेशक अतिंदर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पूरे प्रकरण की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जा सके।