SIDHARTHNAGAR NEWS : ढेबरुआ थाना क्षेत्र के तुलसियापुर में अपनी ससुराल आए एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महराजगंज जिले के सोनौली थाना क्षेत्र के कुंसेरवा निवासी 35 वर्षीय पप्पू पाण्डेय पुत्र सभापति के रूप में हुई है। सोमवार की शाम वह बगल के गांव मधवापुर में अपने एक रिश्तेदार के घर भोजन करने गए थे, जहां से देर शाम वह वापस ससुराल के लिए निकले लेकिन रास्ते में ही लापता हो गए। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने कुबा स्कूल और मधवापुर गांव के बीच एक भुरकुल के पेड़ से उनका शव लटकते देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना ढेबरुआ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची ढेबरुआ पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की स्थिति और मृतक की अर्धनग्न अवस्था को देखते हुए परिजनों ने हत्या कर शव को लटकाए जाने की गंभीर आशंका व्यक्त की है। मृतक के भाई गुड्डू ने फोन पर बताया कि पप्पू सिर्फ बनियान और चड्ढी में थे, जबकि उनके जूते-चप्पल भी मौके से गायब मिले। इस संदिग्ध हालात को देखते हुए भाई ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पप्पू पाण्डेय का विवाह लगभग 15 वर्ष पूर्व तुलसियापुर निवासी चंद्रिका की पुत्री धर्मा से हुआ था, परंतु पिछले कुछ वर्षों से पति-पत्नी के बीच आपसी अनबन की बात भी सामने आ रही है। इस संबंध में ढेबरुआ थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की असली वजह और पूरी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







