गुरसराय के युवा के यूपीपीसीएस में सफलता से क्षेत्र में खुशी
A गुरसराय के होनहार युवा शिवम गुप्ता ने यूपीपीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। शिवम गुप्ता के पिता रविंद्र कुमार गुप्ता एक निजी स्कूल में क्लर्क हैं, जबकि माता प्रभा देवी गृहणी हैं। साधारण परिवार से आने वाले शिवम ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। परिवार में शिक्षा का माहौल रहा है। उनके दो भाई हैं, जिनमें एक जबलपुर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में इंजीनियर हैं, जबकि दूसरे बंगलूरू में विप्रो कंपनी में कार्यरत हैं। शिवम की प्रारंभिक शिक्षा गुरसराय स्थित श्री महावीर बाल शिक्षा केंद्र से हुई। उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई यहीं से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से स्नातक की पढ़ाई की और सिविल सेवा की तैयारी में जुट गए। कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास के बाद शिवम ने यूपीपीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर का पद प्राप्त किया। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है।







