FATEHPUR NEWS: जनपद के बिंदकी तहसील क्षेत्र के ग्राम अलियाबाद में प्राथमिक विद्यालय के शिक्षामित्र अखिलेश कुमार सविता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि उनकी बेटी की शादी आगामी 8 मार्च को तय थी, लेकिन एसआईआर कार्य में व्यस्तता के चलते विभाग द्वारा छुट्टी न मिलने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। इसी तनाव के कारण उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष एवं महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष/पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हेमलता पटेल कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ गांव अलियाबाद पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। परिजनों से बातचीत के बाद हेमलता पटेल ने शासन-प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि एक बेटी के पिता को उसकी शादी की तैयारियों के लिए अवकाश तक नहीं दिया गया, जो बेहद दुखद और निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि छुट्टी न देने वाले और मानसिक दबाव बनाने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को समुचित आर्थिक सहायता दी जाए और परिवार के किसी सदस्य को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय दिलाने की मांग की।







