Home छत्तीसगढ़ शिक्षा जीवन मूल्यों को सीखने की सतत प्रक्रिया: स्वप्न कुमार मंडल

शिक्षा जीवन मूल्यों को सीखने की सतत प्रक्रिया: स्वप्न कुमार मंडल

18
0

बाल भारती पब्लिक स्कूल में प्री-प्राइमरी का वार्षिकोत्सव एवं ग्रेजुएशन डे धूमधाम से मनाया गया

सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर,छत्तीसगढ़। एनटीपीसी, सीपत स्थित बाल भारती पब्लिक स्कूल में 15 मार्च 2026 को प्री-प्राइमरी वर्ग के नन्हे विद्यार्थियों के लिए वार्षिकोत्सव एवं ग्रेजुएशन डे का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का थीम ‘तरंग एवं गुंजन (Waves and Whispers)’ रखा गया, जिसका उद्देश्य बच्चों में उत्साह, आत्मविश्वास तथा सृजनात्मकता के साथ सीखने की प्रेरणा विकसित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख स्वप्न कुमार मंडल तथा विशिष्ट अतिथि संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा शिखा मंडल रहीं। इस अवसर पर अन्य गणमान्य अतिथिगण एवं अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

विद्यालय के प्राचार्य शलभ निगम ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सत्र (2025–26 )का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया।

अपने उद्बोधन में स्वप्न कुमार मंडल ने कहा कि यह दिन इन नन्हे विद्यार्थियों के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा पूर्ण करने का नाम नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों को सीखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने विद्यालय के समर्पित शिक्षकों के धैर्य, प्रेम और स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों के विश्वास, सहयोग और प्रोत्साहन को भी बच्चों के समग्र विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

समारोह के अंतर्गत विद्यार्थियों को पारंपरिक दीक्षांत परिधान धारण कराकर प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।