Home उत्तर प्रदेश शिक्षा की गुणवत्ता व स्वच्छता पर बीएसए की कड़ी नजर

शिक्षा की गुणवत्ता व स्वच्छता पर बीएसए की कड़ी नजर

JAUNPUR NEWS: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने गुरुवार को विकासखंड रामनगर, बरसठी व मछलीशहर के कई परिषदीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन व स्वच्छता की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण में कई विद्यालयों की स्थिति चिंताजनक पाई गई। कम्पोजिट विद्यालय जूड़पुर में प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत चार शिक्षक बिना सूचना अनुपस्थित मिले और 183 नामांकन के बावजूद केवल 20 छात्र उपस्थित पाए गए। नारायणपुर विद्यालय में 347 में से केवल 173 छात्र मिले तथा ICT लैब की सामग्री अनुपयोगी पड़ी रही। बरसठी के हरद्वारी विद्यालय में दो शिक्षक अनुपस्थित पाए गए, उपस्थिति मात्र 228 रही और अधिगम स्तर बेहद कमजोर मिला। यहां कक्षा में रसोई सामग्री भी रखी मिली, जिसके चलते सभी शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया। मछलीशहर क्षेत्र के भिदुना व भाटाडीह विद्यालयों में उपस्थिति कम, एमडीएम पंजिकाएं अद्यतन न होने और सफाई व्यवस्था में खामियां मिलीं। प्राथमिक विद्यालय जमुहर में 91 छात्रों में केवल 39 उपस्थित पाए गए, जबकि भवन की छत पर घास उगी थी। बीएसए ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पोषणयुक्त मध्यान्ह भोजन और विभागीय योजनाओं का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिक्षकों को निपुण भारत मिशन के अनुरूप नवीन शिक्षण तकनीकों का प्रयोग कर अधिगम स्तर सुधारने के निर्देश दिए।