Home उत्तर प्रदेश शिक्षकों पर बीएसए की सख्ती, कई को कारण बताओ नोटिस जारी

शिक्षकों पर बीएसए की सख्ती, कई को कारण बताओ नोटिस जारी

PRAYAGRAJ NEWS: जिले में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) द्वारा अलग-अलग विकासखंडों के कई शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को अनियमितताओं और कार्य में लापरवाही के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। सभी संबंधितों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। बहरिया विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय बेदुला में तैनात एक शिक्षिका के लंबे समय तक बिना सूचना अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया। औचक निरीक्षण में न केवल शिक्षिका अनुपस्थित मिलीं, बल्कि विद्यालय में छात्र उपस्थिति भी बेहद कम पाई गई। इसके अलावा उनके नियमित रूप से देर से आने और समय से पहले जाने की शिकायतें भी पहले से मिलती रही थीं। वहीं कौंधियारा और शंकरगढ़ विकासखंडों में भी सहायक अध्यापकों पर कार्य में उदासीनता, पठन-पाठन में रुचि न लेने, अभिलेखों के संधारण में कमी तथा विभागीय आदेशों की अनदेखी जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि कुछ शिक्षकों द्वारा उच्चाधिकारियों को समय पर सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। शंकरगढ़ क्षेत्र के एक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति बेहद कम पाई गई, जहां नामांकन के सापेक्ष मात्र एक छात्र उपस्थित मिला। “स्कूल चलो अभियान” के तहत नामांकन बढ़ाने के प्रयास भी संतोषजनक नहीं पाए गए। इसी तरह महेबा स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक के खिलाफ भी पठन-पाठन, नामांकन वृद्धि, अभिलेख रखरखाव एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही के आरोप में नोटिस जारी किया गया है। बीएसए अनिल कुमार ने बताया  कि यह आचरण उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली एवं बेसिक शिक्षा विभाग के प्रावधानों का उल्लंघन है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से जिले के स्कूलों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।