चन्द्रशेखर सिंह कालेज आफ फार्मेसी में शिक्षक दिवस पर आयोजित हुआ समारोह
KAUSHAMBI NEWS: महान शिक्षाविद्, भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं दार्शनिक डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की 138वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को चन्द्रशेखर सिंह कालेज आफ फार्मेसी, कोइलहा में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने डा. राधाकृष्णन के शिक्षा और समाज के प्रति अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के सचिव डा. एसपी सिंह ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को भी शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हुए उन्हें जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संस्थान की शैक्षणिक गरिमा को और ऊंचाई तक ले जाने का आह्वान किया। इस दौरान प्राचार्य प्रो. एसके गुप्ता सहित समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण व प्रेरणादायक रहा। अंत में सभी ने डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।





