SIDHARTHNAGAR NEWS: शोहरतगढ़ ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय लेदवा के शिक्षक मुस्तन शेरुल्लाह को हाल ही में राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने के उनके प्रयासों के लिए दिया गया। 5 सितंबर 2025 को लखनऊ के लोके भवन में आयोजित शिक्षक दिवस सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, और माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी की उपस्थिति में मुस्तन शेरुल्लाह को प्रशस्ति-पत्र, मां सरस्वती की स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से न केवल उनके सहकर्मियों, बल्कि बच्चों, अभिभावकों और पूरे समाज में खुशी का माहौल है। मुस्तन शेरुल्लाह अपने मृदुभाषी स्वभाव, अभिभावकों के साथ आत्मीय संबंध और कार्य के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। उनकी शिक्षण पद्धति और बच्चों को पढ़ाने का अनूठा तरीका सभी को आकर्षित करता है। वे सुबह से देर रात तक अपने काम में लगे रहते हैं, जिसका उद्देश्य बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाना और समाज को सही दिशा देना है। वह अपने विद्यालय के अन्य शिक्षकों के साथ एक टीम के रूप में काम करते हैं ताकि विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाया जा सके। उनके प्रयासों से विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का भरपूर उपयोग हो रहा है। यहां कंप्यूटर, प्रोजेक्टर, टैबलेट, डेस्क-बेंच, खेलकूद सामग्री, स्मार्ट क्लासरूम और आर.ओ. वाटर जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं। लगभग 300 बच्चों को रुचिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में शिक्षा दी जा रही है। पढ़ाई के साथ-साथ, विद्यार्थी खेलकूद प्रतियोगिताओं, विज्ञान मेलों, स्वास्थ्य और मतदान जागरूकता कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इसके अलावा, छात्रों को नवोदय विद्यालय, छात्रवृत्ति आधारित परीक्षाओं और विद्याज्ञान स्कूल प्रवेश जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार किया जाता है। मुस्तन शेरुल्लाह का फोकस बच्चों के नामांकन बढ़ाने और समावेशी शिक्षा पर भी है। राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होने पर शिक्षक मुस्तन शेरुल्लाह ने कहा कि उनका और उनके साथी शिक्षकों का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि छात्रों की निरंतर प्रगति और उनकी सफलता देखकर उन्हें खुशी मिलती है, और उनकी मंशा सिर्फ ज्ञान रूपी प्रकाश से छात्रों के जीवन को रोशन करना है।







