Home उत्तर प्रदेश विश्व युवा कौशल दिवस पर आईटीआई फतेहपुर में कौशल प्रदर्शनी एवं प्रतिभा...

विश्व युवा कौशल दिवस पर आईटीआई फतेहपुर में कौशल प्रदर्शनी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

FATEHPUR NEWS: विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), फतेहपुर में “कौशल प्रदर्शनी” एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक शिव शंकर सिंह, भाजपा जिला मंत्री प्रसून तिवारी एवं अरिमर्दन सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। संस्थान के नव निर्मित भवन में आयोजित कौशल प्रदर्शनी में आईटीआई के विभिन्न ट्रेडों एवं कौशल विकास मिशन के जॉब रोल से संबंधित स्टॉल लगाए गए। प्रशिक्षार्थियों द्वारा तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया गया तथा आगंतुकों को विभिन्न कौशल आधारित व्यवसायों की उपयोगिता की जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन डॉ. राजकुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें प्रदर्शनी का अवलोकन कराते हुए विभिन्न ट्रेडों एवं जॉब रोल की विस्तृत जानकारी दी। अपने संबोधन में विधायक विकास गुप्ता ने सभी प्रशिक्षार्थियों को विश्व युवा कौशल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से कौशल विकास के माध्यम से जनपद, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। आरएसएस के विभाग प्रचारक शिव शंकर सिंह ने कहा कि युवा अपने कौशल को निरंतर विकसित कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। वहीं भाजपा जिला मंत्री प्रसून तिवारी ने प्रेरक कहानी के माध्यम से युवाओं को हुनर के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर सफल उद्यमी बनीं श्रद्धा सिंह तथा बोरिंग टेक्नीशियन, लघु सिंचाई विभाग, डलमऊ (रायबरेली) में कार्यरत शिखा देवी को जनपद के आइकॉन के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा संस्थान की परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। रोजगार मेले के माध्यम से चयनित 13 प्रशिक्षार्थियों को नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ कौशल विकास की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ। समारोह में प्रशिक्षार्थियों, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।