374 अभ्यर्थियों ने लिया भाग, 9 प्रतिष्ठित कंपनियों ने किए साक्षात्कार
JHANSI NEWS: विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), झांसी में मंगलवार को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 374 बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा 87 अभ्यर्थियों का चयन रोजगार के लिए किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) श्रीमती रमा निरंजन ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षु/शिक्षु) श्री आशीष दुवे ने की। शुभारंभ के बाद अतिथियों ने पंजीकरण काउंटरों एवं साक्षात्कार कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रतिभागी युवाओं का उत्साहवर्धन किया। जिला समन्वयक, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन श्री सुजीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं से ऐसे रोजगार मेलों का अधिकाधिक लाभ उठाने और निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का उपयोग करने का आह्वान किया। रोजगार मेले में टेक्निको इंडिया लिमिटेड, डायल एसआईएस, अकुल मैनपावर कंसल्टिंग प्रा. लि., एस.पी. इंटरप्राइजेज, माँ इंफ्रा, सॉफ्टवेयर अकादमी, ड्रीम डिजाइनर एजुटेक सहित 9 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों ने भाग लेकर अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। चयनित युवाओं को विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए चुना गया। इस अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी आर.डी. वर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी बसीम मोहम्मद, जिला कौशल प्रबंधक आदर्श श्रीवास्तव एवं नीरज कुमार यादव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आदित्य कुमार, पंकज, अकरम परवेज, एनएसडीसी प्रतिनिधि विशाल सिंह, पुरुषोत्तम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित हुआ। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन कर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।







