MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) रविवार को अंबेडकर पार्क, दीपनगर,विधानसभा मड़िहान में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर दलित आदिवासी कोल संगठन,मिर्जापुर के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार आदिवासी समाज के सम्मान, उत्थान एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना,आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड एवं पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब एवं वंचित परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विधायक ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में पटेहरा कला की प्रधान बिनू देवी कोल,पूर्व प्रधान हंसराज कोल, लाल बहादुर कोल, जय मंगल कोल, महादेव कोल, गोपीनाथ कोल, हीरामणी कोल,वीरेंद्र कोल एवं महेश कोल एवं लालचंद कोल सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के पुरुष, महिलाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







