गठित की गई 20 टीमों ने किया 440 घरों में बिजली चेकिंग
विभाग की इस कार्रवाई से रैमलपुर क्षेत्र में मचा रहा हड़कंप
BHADOHI: विद्युत विभाग के एक्सईएन ऋषिदेव गौतम के नेतृत्व में बुधवार को रैमलपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 20 टीमों ने 440 घरों में बिजली चेकिंग की। चेकिंग में 12 लोग बिजली चोरी करते पकड़े गए और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इस दौरान जांच में 68 घरों की बिजली बिल बकाया होने के कारण काटी गई। इन घरों पर 11.8 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया था। विभाग ने 3.2 लाख रुपए की वसूली की। एक्सईएन ने बताया कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के आदेश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। उपभोक्ताओं को समय पर बिल प्रदान करने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इससे ऑटोमैटिक रीडिंग के माध्यम से बिल मिलेगा और गलत रीडिंग पर रोक लगेगी। उपभोक्ता विभाग के ग्राहक ऐप से अपना खपत और बिजली बिल देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभाग हर वितरण ट्रांसफॉर्मर पर मीटर लगा रहा है। इससे प्रतिदिन लोड और खपत की निगरानी होगी। बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं की पहचान आसान होगी। एक्सईएन ने चेतावनी दी है कि 10 हजार रुपए से अधिक बकाया वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे। बिजली चोरी करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और हर सप्ताह एक फीडर की जांच की जाएगी।
इस मौके पर चेकिंग अभियान में एसडीओ धीरज मिश्र, एके पाल, राजेश जायसवाल, विजय यादव, भार्गव प्रताप, जेई ज्योति प्रकाश, प्रमोद चैहान, अभिषेक प्रजापति, मनोज कुमार, सुजीत पटेल, कमलेश मौर्या, अरशद अंसारी, आनंद प्रकाश, विजय शंकर, जेई विजिलेंस कुलदीप शर्मा व उनकी टीम सहित भदोही, कार्पेट सिटी, सुरियावां व चैरी के लाइनमैन शामिल रहें।







