LAKHIMPUR KHERI NEWS: शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में लखीमपुर खीरी के मीरपुर रसौरा तिराहे पर चल रहे पांच दिवसीय विराट नारी उत्कर्ष समारोह के चौथे दिन रविवार को गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव का आयोजन हुआ। लखनऊ से पहुंचे वरिष्ठ कार्यकर्ता अरुण श्रीवास्तव ने उपस्थित लोगों को यज्ञ का वैज्ञानिक महत्व बताया। इसके बाद शांतिकुंज महिला टोली के द्वारा सामूहिक गायत्री यज्ञ सम्पन्न कराया गया जिसमें नगर व एक दर्जन से अधिक जिलों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर गायत्री मंत्र से आहुतियाँ दीं। यज्ञ के साथ हुए संस्कार महोत्सव में सामूहिक रूप से पुंसवन (गर्भ संस्कार), विद्यारंभ, मुंडन, नामकरण आदि संस्कार संपन्न हुए। इससे पूर्व संध्या में कार्यक्रम के चौथे दिन सायंकालीन जन्म शताब्दी दीपमहायज्ञ में शांतिकुंज हरिद्वार की महिला मंडल प्रमुख शैफाली पंड्या का आगमन हुआ। उन्होंने वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी के अवसर पर घर-घर गायत्री परिवार के विचार क्रान्ति अभियान को पहुंचाने पर बल दिया। दीपयज्ञ में सदर विधायक योगेश वर्मा, सांसद उत्कर्ष वर्मा, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी सहित, समाजसेवी ज्ञान प्रकाश शुक्ल सहित गणमान्यों ने प्रतिभाग कर दीप प्रज्वलित किए। शैफाली पंड्या जी ने प्रांतीय और जोनल समन्वयकों की उपस्थिति में आगामी नारी उत्कर्ष समारोह के लिए बलरामपुर, बरेली, वाराणसी और झांसी जनपद के प्रतिनिधियों को नारी उत्कर्ष संकल्प मशाल सौंपीं। समस्त कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ प्रतिनिधि जयप्रकाश वर्मा ने किया। सोमवार को कार्यकर्ता अभिनन्दन और शांतिकुंज महिला टोली की विदाई के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मीडिया प्रभारी अनुराग मौर्य ने बताया पांच दिवसीय आयोजन में 20 से अधिक जनपदों की दो हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान उत्तर जोन समन्वयक परमानंद द्विवेदी, अयोध्या जोन समन्वयक देशबंधु तिवारी, बहराइच उपजोन समन्वयक आर एस पाल जिला समन्वयक रामखेलावन निषाद, गायत्री शक्तिपीठ लखीमपुर के उदय सिंह आदि मौजूद रहे।







