नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
FATEHPUR NEWS: विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील परिसर में चल रहा भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) गुट का दो दिवसीय धरना गुरुवार को समाप्त हो गया। धरना समाप्ति के बाद यूनियन पदाधिकारियों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। जानकारी के अनुसार, बिंदकी तहसील परिसर में चल रहा धरना दूसरे दिन गुरुवार को दोपहर करीब 3 बजे समाप्त हुआ। इस दौरान तहसील अध्यक्ष सुधीर प्रताप सिंह गौतम उर्फ बबलू सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार रचना यादव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चौडगरा स्थित ग्लूकोज फैक्ट्री से निकलने वाले दूषित पानी को फिल्टर करने, जुनेजा एग्रो फार्म से फैल रही गंदगी व मक्खियों से निजात दिलाने हेतु दवा छिड़काव, तथा प्रभावित गांवों में कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की गई। इसके अलावा टायर फैक्ट्री से निकलने वाले काले धुएं से हो रहे प्रदूषण पर रोक लगाने, नंदीपुर मजरे कोटिया में अतिक्रमण हटाने और हरदौलपुर अंडरपास का निर्माण शीघ्र कराने की मांग भी उठाई गई। यूनियन ने अधूरी पड़ी पानी की टंकियों का निर्माण जल्द पूरा कराने, मौहार ग्राम पंचायत के मजरे बसंत का डेरा में खलिहान की जमीन खाली कराने तथा चौडगरा कस्बे में कचरा प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पुनः धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर पुत्तन दुबे, श्याम बिहारी, सुखीराम, दिलराज, राजू उर्फ बवंडर, भिखारी, राजाराम, रामसखी देवी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।







