करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का होगा निर्माण
JAUNPUR NEWS: शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए रविवार को विधायक रमेश सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों की बड़ी भागीदारी रही। शाहगंज क्षेत्र में प्रस्तावित तीन सड़कों—अरसिया-बेलवाई मार्ग (लगभग 4 किमी, लागत 6.57 करोड़), पट्टीनरेन्द्रपुर-सरायमोहिद्दीनपुर मार्ग (लगभग 9.50 किमी, लागत 14.66 करोड़) तथा बड़ौना वाया चिलबिली, गंगोली, सवायन- रूधौली मार्ग (लगभग 8.30 किमी, लागत 14.51 करोड़) का विधिवत भूमिपूजन विधायक रमेश सिंह ने किया। इन तीनों मार्गों के निर्माण पर कुल मिलाकर करीब 35 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। विधायक रमेश सिंह ने कहा कि मोदी योगी के नेतृत्व में देश-प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ेगी और लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। हमारी सरकार विकास के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने पूर्व जनप्रतिनिधि पर विधानसभा क्षेत्र का विकास न करने का आरोप लगाया। कहा कि शाहगंज को बीमारू से आदर्श विधानसभा बनाने के लिए प्रयास जारी है। विधायक ने पूर्व विधायक पर आरोप लगाया कि उन्होंने बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से संबंधित प्रश्न विधानसभा में कभी पूछा ही नहीं। सुइथाकला के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से राहगीरों के समय की काफी बचत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। यह कार्य क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। वरिष्ठ भाजपा नेता बेचन सिंह, निषाद पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बिंद, जमुनिया मंडल अध्यक्ष अशोक बिंद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन हर्ष प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रविंद्र नाथ बिंद, रमेश चंद्र तिवारी, सुशील सिंह अरसिया मंडल अध्यक्ष भीम सिंह भोले, प्रधान सत्य नारायण बिंद, पंचम बिंद, पुष्पा निषाद (महिला मोर्चा विधानसभा अध्यक्ष), अमर बहादुर सिंह, अभिषेक सिंह, पवन शर्मा प्रीत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







