MIRZAPUR NEWS: रविवार को ग्राम मीरापुर, मंडल अहरौरा, विधानसभा मड़िहान, जनपद मिर्जापुर में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर संचालित “गांव चलो अभियान” के अंतर्गत व्यापक जनसंपर्क एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों, किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन तथा वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति इससे वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से “गांव चलो अभियान” के माध्यम से जनप्रतिनिधि गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। इस अवसर पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने गांव के वरिष्ठजनों को अंगवस्त्र एवं बुकलेट भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अहरौरा मनोज सोनकर, महामंत्री कृष्णा तिवारी, विवेक मौर्य,संतोष भारती,घनश्याम दीक्षित,राजन सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







