Home उत्तर प्रदेश विधायक ऊषा मौर्य के साथ सपाइयों ने बंद विद्यालय के बाहर किया...

विधायक ऊषा मौर्य के साथ सपाइयों ने बंद विद्यालय के बाहर किया प्रदर्शन, पुनः खोलने की उठाई मांग

FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर बंद किए गए विद्यालयों को पुनः खोले जाने की मांग को लेकर जिले के विभिन्न विकासखंडों में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार की शिक्षा नीति पर सवाल उठाते हुए बंद विद्यालयों को फिर से संचालित करने की मांग की गई। इसी क्रम में विकासखंड हथगाम के प्राथमिक विद्यालय बेहटापर के निकट आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार यादव, हुसैनगंज विधानसभा अध्यक्ष सुघर लाल यादव एडवोकेट सहित अन्य सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य ने भी हिस्सा लिया। विधायक ऊषा मौर्य ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार विद्यालयों को बंद कर रही है, जबकि शराब की दुकानों और ठेकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बंद होने से ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोगों को शिक्षा से दूर रखना चाहती है, जिससे आम जनता सरकार से सवाल न कर सके। विधायक ने कहा कि शिक्षा समाज और देश के विकास की आधारशिला है और विद्यालयों को बंद करने का निर्णय बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है। विधायक ऊषा मौर्य ने पीडीए वर्ग से आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों को एकजुट होकर अपने अधिकारों और शिक्षा के मुद्दे पर संघर्ष करना होगा। कार्यक्रम में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बंद विद्यालयों को शीघ्र पुनः खोले जाने की मांग की तथा सरकार की शिक्षा नीति के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।