Home उत्तर प्रदेश विज्ञान क्विज़ विजेताओं का लखनऊ में शैक्षिक भ्रमण, मेट्रो और विज्ञान आंचलिक...

विज्ञान क्विज़ विजेताओं का लखनऊ में शैक्षिक भ्रमण, मेट्रो और विज्ञान आंचलिक केंद्र से मिली नई सीख

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) जिले के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में विकास क्षेत्र बलरामपुर ग्रामीण के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 21 विद्यालयों के 100 विजेता छात्र-छात्राओं को विशेष प्रोत्साहन के रूप में  खंड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर अशोक कुमार पाठक के नेतृत्व में लखनऊ मेट्रो की यात्रा तथा विज्ञान आंचलिक केंद्र (अलीगंज) का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने लखनऊ मेट्रो की आधुनिक तकनीक, संचालन प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि किस प्रकार मेट्रो रेल आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली के रूप में शहरी जीवन को सरल बना रही है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों ने विज्ञान आंचलिक केंद्र, अलीगंज में विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोगों और इंटरैक्टिव प्रदर्शनों को देखा और विज्ञान के कई रोचक सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप से समझा। इस अनुभव ने विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, नवाचार की भावना और सीखने का उत्साह और अधिक बढ़ाया। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी अनुभव साबित हुआ। जनपद प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग का उद्देश्य है कि विद्यार्थियों को पुस्तक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और तकनीकी अनुभव भी प्राप्त हो, जिससे उनका समग्र बौद्धिक विकास हो सके। इस दौरान ए  आर पी विज्ञान अखिलेश शुक्ला , पंकज पाण्डेय, महमुदुल , सुदीप, अमित, अकील ,अभिषेक, चांदनी, पायल, सिद्धनाथ आदि शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों को विभिन्न जानकारी प्रदान की गईं।