Home उत्तर प्रदेश विजय जुलूस में हुआ जय श्री राम का उद्घोष

विजय जुलूस में हुआ जय श्री राम का उद्घोष

पश्चिम बंगाल में विजय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकला विजय जुलूस
PRAYAGRAJ NEWS: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में लगी भाजपा को पश्चिम बंगाल असम व पुडुचेरी में मिली प्रचंड विजय ने उत्साह से लबरेज कर दिया है। बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लक्ष्मी टॉकीज चौराहा से मनमोहन पार्क चौराहा तक बाइक जुलूस निकाला गया। साथ में चल रहे डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए। जुलूस के दौरान जय श्री राम के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। बड़ी संख्या में एकत्र हुए पार्टी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों ने ढोल नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए एक दूसरे को जीत की बधाई दी। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ये विजय अधर्म पर धर्म की विजय है तुष्टिकरण पर राष्ट्रवाद की विजय है। उन्होंने कहा कि बंगाल की पावन धरा पर पहली बार भाजपा की प्रचंड जीत ने सिद्ध कर दिया है कि जनता अब तानाशाही और तुष्टिकरण को बर्दाश्त नहीं करेगी। ममता बनर्जी के कुशासन में जिस तरह बंगाल की महान संस्कृति का अपमान हुआ और विशेष वर्ग को खुश करने के लिए मां-माटी-मानुष के साथ विश्वासघात किया गया, आज बंगाल की जनता ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस दौरान पार्षद सोनिका अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, आनंद सोनकर, आनंद श्रीवास्तव, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी, डॉ शैलेश पांडेय, रमेश पासी, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, राजेश गोंड, निर्दोष सिंह गोलू, गणेश वर्मा, गया प्रसाद आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।