छेड़छाड़ के आरोप के बाद ग्रामीणों ने किया विरोध, पुलिस ने कई लोगों को थाने ले जाकर कराया समझौता
SANGRAMGARH NEWS: रामपुर संग्रामगढ़ विकासखंड के मुख्य गेट पर मंगलवार रात करीब 9 बजे उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ ग्रामीणों ने दो ग्राम सचिवों, उनके सहायक और उनकी चारपहिया गाड़ी को घेर लिया। घटना में गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने की भी बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की दो युवतियां अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से मानगढ़ कृपालु धाम घूमने गई थीं। वापस लौटते समय दखावपुर गांव के पास उनकी मुलाकात एक कार से हुई, जिसमें दो ग्राम सचिव और उनका सहायक सवार थे। युवतियों ने उन पर कथित रूप से छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी करने का आरोप लगाया। आरोप के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग रामपुर संग्रामगढ़ विकासखंड के गेट पर एकत्र होकर संबंधित वाहन का इंतजार करने लगे। बताया जाता है कि राजरतन ढाबा, नरई चौराहा से लौटते समय जैसे ही ग्राम सचिवों की गाड़ी विकासखंड गेट पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने गाड़ी रोककर हंगामा किया तथा मारपीट और तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलने पर संग्रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां पूछताछ के बाद आपसी समझौते की बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि समझौते के दौरान आर्थिक लेन-देन भी हुआ और दोनों पक्षों ने पुलिस की मौजूदगी में समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कर मामला समाप्त कर दिया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से किसी मुकदमे या आधिकारिक बयान की पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और आधिकारिक अभिलेखों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।





