Home उत्तर प्रदेश विकास कार्यों की समीक्षा: डीएम ने दिया अगस्त तक परियोजनाएं पूरी करने...

विकास कार्यों की समीक्षा: डीएम ने दिया अगस्त तक परियोजनाएं पूरी करने का निर्देश

आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प और ओडीएफ मॉडल ग्राम पर विशेष जोर

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास विभाग और ग्राम्य विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई बैठक में जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर और आंगनबाड़ी भवनों के सर्वे की प्रगति जांची। उन्होंने जर्जर व मरम्मत योग्य आंगनबाड़ी केंद्रों को 8 पैरामीटर के आधार पर मरम्मत कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। इन केंद्रों में रनिंग वाटर, बाला पेंटिंग, टाइलीकरण और शौचालय पूर्ण होने चाहिए। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को सीडीपीओ के माध्यम से कार्य प्रगति की जानकारी देने को भी कहा। ओडीएफ मॉडल ग्राम की समीक्षा करते हुए प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। जिन गांवों में अन्नपूर्णा भवन/आरआरसी सेंटर के लिए भूमि चिह्नित नहीं है, वहां उपजिलाधिकारी के माध्यम से भूमि चयन की कार्यवाही कराने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक शौचालय और आरआरसी सेंटर को क्रियाशील करने तथा गांव में सफाई कर्मचारी का नाम अंकित कराने का भी निर्देश दिया गया।
सभी खंड विकास अधिकारियों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण का प्रथम एवं द्वितीय किस्त का भुगतान कराने के निर्देश दिए गए। राज्य वित्त आयोग/केंद्र वित्त आयोग की समीक्षा में नियमानुसार व्यय करने को कहा गया। सभी खंड विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत को ओडीएफ मॉडल ग्रामों में सुबह-शाम सामुदायिक शौचालय, अंत्येष्टि स्थल, आरआरसी सेंटर एवं मनरेगा के कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण अंत्येष्टि स्थल विकास योजना के अंतर्गत वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा की गई। पंचायत भवन पर सीएससी और लाइब्रेरी का संचालन कराने और पंचायत भवन को समय से खोलने के निर्देश दिए गए। ओपन जिम का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण व समय से पूरा कराने पर जोर दिया गया। राजकीय पशु चिकित्सालय के मरम्मत का टेंडर कार्य पूरा कराकर निर्माण कार्य कराने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि जितनी भी परियोजनाएं चल रही हैं, उन्हें अगस्त तक अवश्य पूरा कर लिया जाए। एमडीएम शेड का निर्माण कार्य 30 अगस्त 2025 तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। अन्नपूर्णा भवन का निर्माण पूरा कराने और जहां निर्माण हो गया है, उसे हैंडओवर कराने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी को प्रतिदिन प्रगति की मॉनीटरिंग करने को कहा गया। इसके अलावा, सामुदायिक बकरी शेड और सामुदायिक मुर्गी शेड की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, डीडीओ सतीश सिंह, डीपीआरओ, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त एडीओ पंचायत व अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।