Home उत्तर प्रदेश लेखपाल व प्राइवेट मुंशी को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगेहाथ...

लेखपाल व प्राइवेट मुंशी को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगेहाथ किया गिरफ्तार

PRATAPGARH NEWS: कुंडा में बुधवार को एंटी करप्शन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लेखपाल व उसके प्राइवेट मुंशी को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। नवाबगंज थाने के परियावां गांव निवासी शिकायतकर्ता अनिल कुमार गौतम ने आरोप लगाया था कि उसके पुश्तैनी मकान के गिर जाने के बाद उसी स्थान पर वह नया पक्का मकान निर्माण करना चाहता थाl इसकी अनुमति के लिए तहसील में आवेदन किया था। आरोप है कि तहसील कुंडा के राजस्व लेखपाल ने अनुमति दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की। इस शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज की टीम ने छानबीन की। बुधवार को टीम ने तहसील गेट के सामने घेराबंदी कर जाल बिछाया। आरोपी मेडिकल लाल वर्मा और लेखपाल का प्राइवेट मुंशी शिवम कुमार शिकायतकर्ता से तय रकम दस हजार रुपये ले रहे थे। जैसे ही शिकायतकर्ता ने रुपए दिए, टीम ने तत्काल दोनों को दबोच लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों को नवाबगंज थाने लाकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। एंटी करप्शन प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। टीम में उपनिरीक्षक राकेश बहादुर सिंह, अर्जुन सिंह, मु0 आ0 सुभाष चन्द्र द्विवेदी सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
 स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है। वहीं टीम की तत्परता और पारदर्शिता की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।