Home उत्तर प्रदेश लूट की झूठी सूचना देने पर एजेंट पर दर्ज हुआ मुकदमा

लूट की झूठी सूचना देने पर एजेंट पर दर्ज हुआ मुकदमा

JALAUN NEWS: कोतवाली क्षेत्र में पहल फाइनेंस प्राइवेट कंपनी में कलेक्शन एजेंट के द्वारा दी गई लूट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूछताछ के बाद सारी सच्चाई सामने आ गई और पुलिस ने झूठी सूचना देने पर मामला पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी। कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम खरका निवासी सौरभ यादव पुत्र सूरज यादव पहल फाइनेंस प्राइवेट कंपनी में कलेक्शन एजेंट का काम करता है। बताया गया है कि मंगलवार की रात 9 बजे के करीब उसने पुलिस को सूचना दी कि वह किस्त के कलेक्शन का करीब एक लाख रुपये लेकर उरई आ रहा था। इस दौरान चुर्खी रोड पर ग्राम मिनौरा के पास दो अज्ञात बाइक सवारों ने कलेक्शन के रुपये व गाड़ी की चाबी लूट ली और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। लूट की सूचना के बाद प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कालर से घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की तो सूरज ने सच कबूल कर लिया। जिसने पूछताछ में बताया कि कलेक्शन किए हुए रुपयों को उसने अपने साथी अंकित यादव पुत्र स्व. बृजभान निवासी ग्राम लहर कनार थाना सिरसा कलार और बुआ के लड़के संस्कार पुत्र इंदल निवासी ग्राम डकोर को देकर अपने गांव खरका भेज दिया था। इसके बाद उसने पूरी तरह भूमिका बनाकर झूठी सूचना पुलिस को दी थी। बताया कि उसके ऊपर कुछ कर्ज था और कुछ सामान भी लेना था। इस कारण वह रुपयों को हजम करना चाहता था। पुलिस ने सूरज के साथ जाकर सहयोगी कर्मी व बुआ के लड़के से ग्राम खरका जाकर फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन के 70830 रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस को झूठी लूट की सूचना देने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में कोतवाली प्रभारी अंजन कुमार सिंह ने बताया कि लूट की झूठी सूचना देने पर युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।