Home उत्तर प्रदेश लाखों की लागत से बनी सड़क, नाली अधूरी: न्यू भागोती कॉलोनी में...

लाखों की लागत से बनी सड़क, नाली अधूरी: न्यू भागोती कॉलोनी में ठेकेदार की कार्यशैली पर उठे सवाल

JAUNPUR NEWS: नगर क्षेत्र की न्यू भागोती कॉलोनी में नाली व इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासी अमन अस्थाना ने आरोप लगाया है कि लगभग 8.93 लाख रुपये की लागत से 130 मीटर लंबाई में कराए जा रहे निर्माण कार्य में अनियमितता बरती गई है और कई स्थानों पर नाली का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। बताया गया कि अनिल कुमार शुक्ला के मकान से सुधीर कुमार सिंह के मकान तक विजय कुमार सिंह वाली गली में नाली व इंटरलॉकिंग का निर्माण कार्य कराया गया। इस कार्य का लोकार्पण प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) युवा कल्याण व खेल विभाग गिरीश चंद्र यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्य और सभासद श्रीमती निशि सोनकर के करकमलों द्वारा कराया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि अनिल शुक्ला और हेमंत अस्थाना के मकान के सामने इंटरलॉकिंग तो बिछा दी गई, लेकिन नाली का निर्माण नहीं कराया गया। जब इस संबंध में ठेकेदार संजय सिंह और उमानाथ से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अनिल शुक्ला द्वारा उस स्थान पर नाली बनाने से मना किया गया है। अमन अस्थाना का आरोप है कि नाली का निर्माण सरकारी कार्य है, जिसमें किसी व्यक्ति के मना करने का कोई औचित्य नहीं है। यदि किसी ने आपत्ति की थी तो आसपास के अन्य निवासियों से भी राय ली जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया और ठेकेदार आधा-अधूरा काम छोड़कर चला गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कॉलोनी में इंटरलॉकिंग का कार्य भी मानक के अनुरूप नहीं कराया गया है। कहीं सड़क ऊंची तो कहीं नीची बन गई है, जिससे बारिश के समय पानी भरने की समस्या बढ़ सकती है। अमन अस्थाना ने मांग की है कि उनके मकान के सामने भी नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात का पानी सड़क पर जमा होने के बजाय नाली के माध्यम से निकल सके और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।