Home उत्तर प्रदेश लगातार बारिश से कच्चा मकान गिरा, बेघर होने का संकट

लगातार बारिश से कच्चा मकान गिरा, बेघर होने का संकट

FATEHPUR NEWS: विकास खंड धाता क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई दिनों से जारी बारिश के कारण क्षेत्र में कच्चे मकानों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे गरीब परिवारों के सामने रहने और पशुओं को सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है। सोनारी ग्राम सभा निवासी अशोक कुमार का कच्चा मकान बीती रात अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि मकान गिरने से गृहस्थी का सामान प्रभावित हो गया और पशुओं को बांधने की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। अशोक कुमार ने बताया कि मकान गिरने के बाद वह परिवार के साथ अपने दूसरे कच्चे मकान में किसी तरह रह रहे हैं। लगातार बारिश होने से उन्हें दूसरे मकान के भी गिरने का डर सता रहा है। उनका कहना है कि यदि दूसरा मकान भी गिर गया तो परिवार के सामने पूरी तरह बेघर होने की स्थिति पैदा हो जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश से प्रभावित परिवारों का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता देने, सुरक्षित आवास की व्यवस्था कराने और जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।