Home उत्तर प्रदेश लखीमपुर खीरी में मतदाता पुनरीक्षण की बड़ी मुहम

लखीमपुर खीरी में मतदाता पुनरीक्षण की बड़ी मुहम

सबसे तेज़ बीएलओ को दुधवा सफारी, राज्य सम्मान का सुनहरा मौका
LAKHIMPUR KHERI NEWS: 24 नवंबर को मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन इस बार पूरी गंभीरता के साथ मैदान में उतर गया है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने बीएलओ की रफ्तार बढ़ाने और अभियान में ऊर्जा भरने के लिए आकर्षक प्रोत्साहन की घोषणा कर दी है। इसका असर यह है कि फील्ड में बीएलओ के कदम तेज़, और काम की गति पहले से कहीं अधिक तेज़ हुई है। 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहा यह अभियान 04 नवंबर से 04 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इसी अवधि में बीएलओ मतदाताओं को Enumeration Form (गणना प्रपत्र) वितरित कर भरे हुए प्रपत्र वापस प्राप्त करेंगे और उनका ऑनलाइन डिजिटाइजेशन भी पूरा करेंगे।
तेज़ी दिखाने वालों को मिलेगा बड़ा सम्मान
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्पष्ट किया है कि जो बीएलओ और सुपरवाइज़र 04 दिसंबर से पहले डिजिटाइजेशन कार्य सबसे पहले पूरा करेंगे, उन्हें निम्नानुसार सम्मानित किया जाएगा।
जिले का प्रथम बीएलओ बनेगा स्टेट लेवल स्टार
जिले में पहला स्थान हासिल करने वाले बीएलओ और सुपरवाइज़र का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ.प्र., लखनऊ को भेजा जाएगा। इन्हें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राज्य स्तर पर सम्मानित किए जाने का अवसर मिलेगा।
जिले के टॉप-3 को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार
जिले में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकार द्वारा प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
विधानसभा स्तर पर टॉप-3 को सपरिवार लंच
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में शीर्ष तीन स्थान पाने वाले बीएलओ व सुपरवाइज़र को एसडीएम/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार व सपरिवार लंच की सुविधा दी जाएगी।
दुधवा सफारी का सुपर बोनस! टॉप परफॉर्मर्स के लिए खास उपहार
SIR अभियान में प्रत्येक विधानसभा के सर्वश्रेष्ठ बीएलओ और सुपरवाइज़र के लिए जिला प्रशासन ने बेहद खास तोहफा तय किया है। प्रत्येक विधानसभा स्तर पर शीर्ष स्थान पाने वाले कर्मियों को दुधवा नेशनल पार्क में सपरिवार निःशुल्क भ्रमण का सुनहरा मौका मिलेगा। जंगल की रोमांचक सफारी, प्रकृति की गोद में यादगार लम्हे और परिवार संग अनोखा अनुभव यह रिवॉर्ड पूरे अभियान का सबसे आकर्षक बोनस माना जा रहा है। इतना ही नहीं, विजेता कर्मियों को डीएम के साथ स्पेशल ब्रेकफास्ट का अवसर भी मिलेगा, जो इस सम्मान को और खास बना देता है।