Home उत्तर प्रदेश रोरा–मऊरानीपुर रेलखंड पर सीआरएस का निरीक्षण, 120 किमी/घंटा की सफल स्पीड ट्रायल

रोरा–मऊरानीपुर रेलखंड पर सीआरएस का निरीक्षण, 120 किमी/घंटा की सफल स्पीड ट्रायल

JHANSI NEWS: झांसी–मानिकपुर रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत रोरा–मऊरानीपुर नव दोहरीकृत रेलखंड का गुरुवार को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) प्रणजीव सक्सेना ने विस्तृत वैधानिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रोरा और मऊरानीपुर रेलवे स्टेशनों सहित दोनों स्टेशनों के मध्य रेलखंड का ट्रॉली से गहन निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) अजीत सिंह यादव तथा मंडल रेल प्रबंधक झांसी अनिरुद्ध कुमार सहित निर्माण संगठन एवं झांसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण की शुरुआत रोरा रेलवे स्टेशन से हुई, जहां स्टेशन मास्टर कक्ष, रिले रूम, बैटरी रूम, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्थाओं सहित विभिन्न संरक्षा और परिचालन व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। इसके बाद सीआरएस ने ट्रॉली के माध्यम से पूरे रेलखंड का निरीक्षण करते हुए ट्रैक की गुणवत्ता, रेल पथ, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, पुल-पुलिया, समपार फाटक तथा अन्य तकनीकी मानकों का बारीकी से परीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन पर भी स्टेशन परिसर, स्टेशन मास्टर कक्ष, रिले रूम, बैटरी रूम, सिग्नलिंग प्रणाली एवं अन्य संरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। निरीक्षण के उपरांत रोरा–मऊरानीपुर नव दोहरीकृत रेलखंड पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सफल स्पीड ट्रायल भी किया गया। इस दौरान रेल पथ, सिग्नलिंग, विद्युत व्यवस्था तथा परिचालन संबंधी विभिन्न तकनीकी मानकों का परीक्षण किया गया। सफल स्पीड ट्रायल ने रेलखंड की गुणवत्ता, संरक्षा और परिचालन क्षमता की पुष्टि की। रेलवे अधिकारियों के अनुसार झांसी–मानिकपुर रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना पूरी होने से इस मार्ग की परिचालन क्षमता बढ़ेगी, ट्रेनों की समयपालनता में सुधार होगा तथा माल एवं यात्री परिवहन अधिक सुगम होगा। साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।