AURAIYA NEWS: सोशल मीडिया पर रील और वीडियो वायरल कराने का स्टंट युवाओं को किस तरह जान जोखिम में डालने के लिए मजबूर कर रही है, इसका एक और मामला अछल्दा कस्बे से सामने आया है। यहां एक युवक तीन बार सांप के डसने के बाद भी नहीं माना और गुरुवार को फिर काले सांप को हाथ में लेकर स्टंट करता नजर आया। सरांय बाजार निवासी ऋषि पोरवाल पुत्र अमित पोरवाल ने 21 अगस्त को सांप को हाथ में पकड़कर वीडियो बनवाया था। वीडियो बनाने के दौरान सांप ने उसे तीन बार डस लिया था।हालांकि सांप जहरीला नहीं होने के कारण युवक की जान बच गई थी।
बताया गया कि गुरुवार को ऋषि फाटक के पास अपने पिता अमित पोरवाल की पान की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान वहां से एक सपेरा सांपों का पिटारा लेकर गुजर रहा था। युवक ने सपेरे को रोक लिया और उसके पिटारे से काला सांप निकालकर हाथों में पकड़ लिया। इसके बाद उसने स्टंट करते हुए वीडियो बनवाया,जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी तरह 17 अगस्त को अछल्दा थाना क्षेत्र के लहटोरिया गांव निवासी अरमान अली पुत्र हमीद अली भी अछल्दा सब्जी मंडी में सांप के साथ फोटो खिंचवाने के दौरान सांप के डसने का शिकार हो गया था। परिजनों ने उसे सीएचसी अछल्दा में भर्ती कराया था, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए जान जोखिम में डालने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार सांप कितना भी शांत दिखाई दे, उसके साथ इस तरह का स्टंट गंभीर और जानलेवा साबित हो सकता है।







