MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) विगत दिनों नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गांधी का पुतला दहन करने के मामले में जिला और शहर कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। पुतला दहन करने वाले भाजपाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की मांग पर अड़े रहे। उधर सिटी मजिस्ट्रेट ने भड़के कांग्रेसियों को समझा-बुझाकर एफआईआर दर्ज किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना-प्रदर्शन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने तक और कांग्रेस के अगले निर्णय तक के लिए स्थगित कर दिया गया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तीन घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया।धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. शिव कुमार सिंह पटेल ने कहा कि देश की लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एक संवैधानिक एवं जिम्मेदार पद है। उनका पुतला दहन किया जाना भाजपाइयों द्वारा अविवेकपूर्ण एवं अमर्यादित है। इससे मीरजापुर जिले में जनभावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गांधी का पुतला दहन किए जाने से लोगों में भारी आक्रोश है। इसी को देखते हुए जिला एवं शहर कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा उसी दिन कोतवाली सिटी के प्रभारी निरीक्षक को तहरीर दे दी गई थी। अब तक एफआईआर दर्ज कर वादी को प्रति न दिए जाने के विरोध में जिला प्रशासन के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर कड़ा विरोध जताया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस एससी विभाग के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गांधी एवं कांग्रेस पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और ताकत से दुखी भाजपाइयों द्वारा पहले ईडी, सीबीआई, लोकसभा सदस्यता छीनने जैसे उत्पीड़न के बाद अब उनका पुतला जलाया जाना इस बात को सत्यापित करता है कि केंद्र सरकार कुछ दिनों की मेहमान है। इसीलिए उसके नुमाइंदों ने राहुल गांधी का पुतला जलाकर अपनी मंशा उजागर कर दी है। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के लोग राहुल गांधी का पुतला दहन किए जाने से आक्रोशित हैं। वे अब सड़क से सदन और जन-जन के बीच जनजागरण कर भाजपा सरकार एवं उसके नुमाइंदों के मंसूबों को उजागर करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि एलओपी राहुल गांधी अब जन-जन की आवाज बनते जा रहे हैं, इसलिए भाजपाइयों द्वारा ऐसा घृणित काम किया जा रहा है, जो घोर निंदनीय है। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उक्त अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजन पाठक ने कहा कि विपक्ष के नेता का पुतला दहन करने वालों के खिलाफ यदि एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं हुई तो उसके विरोध में एक बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेसी पीछे हटने वाले नहीं हैं। जिला पंचायत सदस्य शिव शंकर चौबे ने कहा कि राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता और जन-जन में मौजूदा समय में बढ़ती शोहरत से बौखलाई भाजपा ने उनका पुतला दहन किया है। जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजधर दुबे ने आक्रोशित होते हुए कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं हुई तो कांग्रेसी ईंट का जवाब पत्थर से भी देना जानते हैं। धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुधाकर चमार, नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष दीप चंद जैन, वरिष्ठ नेता जनार्दन प्रसाद पाण्डेय, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलेश दुबे, कांग्रेस मीडिया प्रभारी छोटे खान, आदिवासी नेता जय किशन जैकी सिंह कोल, जिला कांग्रेस उपाध्यक्षों में गुलाब चंद पाण्डेय, रमेश चंद्र प्रजापति पप्पू, राजेश मिश्रा ज्योति, अमरनाथ पांडेय, तुलसी दास गुप्ता, पीसीसी सदस्य एडवोकेट विधि कुमार सिंह, अर्चना चौबे, जफर इकबाल, इमरान खान, जिला महासचिव राम नाथ दुबे, रितेश मिश्र, संतोष यादव डंगहर (पत्रकार), लालगंज ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिव शंकर पाण्डेय, राजेन्द्र विश्वकर्मा, कपिल सोनकर, छविराज पाल, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अंशु पाण्डेय एडवोकेट, एडवोकेट आनंद त्रिपाठी, मनीष दुबे, जनार्दन प्रसाद पाठक, रोशन अली, डॉ. दिनेश चौधरी, विवेक सिंह, रवि शंकर त्रिपाठी, राजेश शुक्ला, अभिषेक त्रिपाठी, संजय कुमार, सैयद नफीसुल रिजवी, दिलीप मौर्य, संतोष उमर, लवकुश विश्वकर्मा, गुलाब मिश्र सहित सैकड़ों कांग्रेसी शामिल रहे।







