SANGRAM GARH NEWS: संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुशुवापुर बाजार में शनिवार शाम करीब 8 बजे रास्ते में मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, रायबरेली जनपद के सलवान कोतवाली अंतर्गत ग्राम मोहनगंज के रहने वाले पुत्तन सरोज (35) पुत्र प्रभु सरोज, राजू सरोज (32) पुत्र प्रभु सरोज, शिवा सरोज (25) पुत्र शिव कुमार सरोज तथा नीरज सरोज (13) पुत्र दशहरा राम सरोज अपने बहनोई सनी सरोज के घर, ग्राम कुशुवापुर, एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने दो मोटरसाइकिलों से आए थे। बताया जाता है कि उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल रास्ते में खड़ी कर दी थी। इसी दौरान एक बोलेरो चालक ने रास्ते से बाइक हटाने को कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। घटना में चारों युवक घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामगढ़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर पहुंची संग्रामगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कुशवाहापुर बाजार निवासी सौरभ व शिवा सहित कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट और गाली-गलौज समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।







