Home उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लोकदल ने बाढ़ पीड़ितों की मदद को बढ़ाए हाथ: अजय रावत

राष्ट्रीय लोकदल ने बाढ़ पीड़ितों की मदद को बढ़ाए हाथ: अजय रावत

सांसद व विधायक देंगे एक माह का वेतन जयंत चौधरी के फैसले की सराहना की

JHANSI NEWS: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने एक बार फिर जनता से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे कदम बढ़ाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने घोषणा की है कि उनके सभी सांसद और विधायक एक माह का वेतन बाढ़ राहत कोष में देंगे। इस निर्णय से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे हजारों परिवारों को सीधी मदद मिलने की उम्मीद है। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के इस फैसले की पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अजय रावत ने सराहना करते हुए बताया कि इस फैसले से पार्टी कार्यकताओं और आमजन के बीच सराहना हो रही है। झांसी में जयंत चौधरी के करीबी पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अजय रावत ने इस निर्णय पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम न केवल बाढ़ पीड़ितों के लिए जीवन रक्षक साबित होगा, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी अनुकरणीय उदाहरण है। रावत ने कहा कि इस समय उत्तर प्रदेश व उत्तर भारत के कई हिस्से बाढ़ की चपेट में हैं। लोगों के घर उजड़ गए हैं, फसलें बर्बाद हो गई हैं और आजीविका संकट में है। ऐसे कठिन समय में आर एल डी का यह योगदान प्रभावित परिवारों के लिए राहत और सहारा बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि रालोद हमेशा किसानों, मजदूरों और आम जनता के साथ खड़ा रहा है। बाढ़ राहत कोष में दिया जाने वाला यह वेतन न केवल वित्तीय सहायता है, बल्कि यह संदेश भी है कि जनता के दुख-दर्द में उनकी पार्टी उनके साथ खड़ी है। रालोद नेताओं ने अपील की है कि समाज के अन्य वर्ग भी आगे आकर पीड़ित परिवारों की मदद करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को राहत पहुंचाई जा सके। पार्टी कार्यकताओं को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर लोगों की हर संभव सहायता करें और राहत सामग्री वितरण में सक्रिय भूमिका निभाएं।