सीमित संसाधनों में बेटियों ने बढ़ाया सिद्धार्थनगर का मान: मणेन्द्र मिश्रा ‘मशाल’
SIDHARTHNAGAR NEWS: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बढ़नी नगर पंचायत में जनपद स्तरीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। समारोह में मुख्य अतिथि समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ने प्रतियोगिता की विजेता टीम गांधी आदर्श इंटर कॉलेज बढ़नी और उपविजेता टीम जागृति स्पोर्टिंग क्लब बढ़नी की खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सिद्धार्थनगर की बेटियों ने सीमित संसाधनों और विषम परिस्थितियों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ग्रामीण अंचल का नाम रोशन किया है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हमेशा खेलों को बढ़ावा दिया है और उनके शासनकाल में खिलाड़ियों के हित में कई महत्वपूर्ण नीतियां लागू की गई थीं। इस अवसर पर खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मो. इब्राहिम ‘बाबा’ तथा गांधी आदर्श इंटर कॉलेज के खेल शिक्षक शंभू नाथ गुप्ता को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी सोनी पासवान, गायत्री, सुमन गौड़, अंशिका सोनी तथा राज्य स्तरीय खिलाड़ी किरन, खुशी, माही, दिव्या, सावित्री, शशि पाण्डेय, शिखा, आँचल और अर्चना शामिल रहीं। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष शकील शाह, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव हरिनाथ यादव, जावेद खान, मसूद खान, जयकरन प्रसाद गौतम,फैज़ान आलम, सूरज चौरसिया, प्रकाश साहनी और अफसर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







