चेस, कैरम और वॉलीबॉल में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह व खेल प्रतिभा
FATEHPUR NEWS: हथगांव स्थित फातिमा पब्लिक स्कूल में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना रहा। विद्यालय में विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद, सी.के. नायडू, मिल्खा सिंह और गौस मोहम्मद क्लबों में बांटकर चेस, कैरम एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं कराई गईं। प्रतियोगिताओं में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को जूनियर तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को सीनियर वर्ग में रखा गया। चेस के जूनियर बालिका वर्ग में गौस मोहम्मद क्लब की शहर बानो ने प्रथम तथा मेजर ध्यानचंद क्लब की स्मिता साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में सी.के. नायडू क्लब की दिव्या प्रथम और मिल्खा सिंह क्लब की उम्मे हानी द्वितीय रहीं। कैरम के जूनियर वर्ग में मेजर ध्यानचंद क्लब की अलीना बानो प्रथम और मिल्खा सिंह क्लब की बुशरा आरिफ द्वितीय रहीं। वॉलीबॉल के जूनियर वर्ग में सी.के. नायडू क्लब ने प्रथम तथा मिल्खा सिंह क्लब ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में भी सी.के. नायडू क्लब प्रथम और गौस मोहम्मद क्लब द्वितीय रहा। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से विद्यालय परिसर खेलमय बना रहा। प्रतियोगिताओं का संचालन एचएम कल्पना जौन के मार्गदर्शन एवं खेल प्रशिक्षक व राष्ट्रीय हॉकी कोच मोहम्मद जावेद के निर्देशन में हुआ। विद्यालय के प्रबंधक रिजवान अहमद ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं तथा ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को निखारने में सहायक होते हैं। प्रतियोगिता को सफल बनाने में आमना सलमानी, रूही, दीपिका पाल, दिलनवाज अहमद, विशाल शुक्ला, देव नारायण, दीपक, सौरभ, अमन सहित समस्त शिक्षकगण एवं कक्षा 12 की छात्रा गुंजन यादव का विशेष सहयोग रहा। समापन पर मोहम्मद जावेद ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।







