Home उत्तर प्रदेश रामपुर जनपद के अधिवक्ता फारूख हत्याकांड के विरोध में डीबीए का प्रदर्शन,...

रामपुर जनपद के अधिवक्ता फारूख हत्याकांड के विरोध में डीबीए का प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग

FATEHPUR NEWS: रामपुर जनपद में अधिवक्ता फारूख अहमद खान की गोली मारकर की गई हत्या को लेकर फतेहपुर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन (डीबीए) में गहरा आक्रोश है। इस जघन्य घटना के विरोध में बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शन के उपरांत बार एसोसिएशन अध्यक्ष गया प्रसाद दुबे एवं महामंत्री जितेंद्र सिंह गौतम के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने 11 फरवरी को रामपुर में हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे कानून व्यवस्था पर सीधा हमला बताया। अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता फारूख अहमद खान की हत्या ने प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन अधिवक्ताओं पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जा रही है। उन्होंने मांग की कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि दिवंगत अधिवक्ता के परिजनों को सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल मिल सके। इसके साथ ही अधिवक्ताओं की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुरक्षा के बिना कानून का राज संभव नहीं है। इस मौके पर असलम शेर खान, पुत्तन मिश्रा, सोनू श्रीवास्तव, वीरप्रकाश लोधी, नदीमुद्दीन उर्फ पप्पू, मुफीज़ अहमद सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में दोषियों की गिरफ्तारी व अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने की मांग दोहराई।