विधायक ऊषा मौर्य ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति किया प्रेरित, लोकतंत्र में जागरूक नागरिक बनने का दिया संदेश
FATEHPUR NEWS: आजादी के महापर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रामपाल मौर्य महाविद्यालय, सुल्तानपुर घोष में विविध कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। विद्यालय की प्रबंधक एवं हुसैनगंज विधायक ऊषा मौर्य ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भाषण, नृत्य, नाटक और देशभक्ति गीतों सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश शर्मा ने किया। अपने संबोधन में विधायक ऊषा मौर्य ने अपने स्वर्गीय पति एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री मुन्ना लाल मौर्य के शिक्षा के प्रति दृष्टिकोण को साझा करते हुए वर्ष 2000 से अब तक शिक्षा के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज को मजबूत और जागरूक बनाया जा सकता है तथा लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए नागरिकों का जागरूक होना आवश्यक है। स्वर्गीय मुन्ना लाल मौर्य की छोटी बेटी एवं एमएलएम कॉन्वेंट स्कूल की प्रबंधक ज्योति मौर्य ने ‘शिक्षा से समाज बदलाव’ विषय पर विचार रखे। प्रबंधन समिति के सचिव एवं युवा सपा नेता विकल्प मौर्य ने शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान डॉ. ऊषा श्रीवास्तव, डॉ. श्रीनाथ मौर्य, धर्मराज मौर्य और राम नारायण मौर्य ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। पत्रकार शीबू खान ने युवाओं, विशेषकर जेन-जी, को अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसी क्रम में गणेश शंकर विद्यार्थी बालिका इंटर कॉलेज में भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया।







