Home उत्तर प्रदेश रामनवमी पर गहोई वैश्य महिला मंडल ने प्रस्तुत की भव्य रामलीला, सामाजिक...

रामनवमी पर गहोई वैश्य महिला मंडल ने प्रस्तुत की भव्य रामलीला, सामाजिक संदेश से दर्शक हुए भावविभोर

JHANSI NEWS: गहोई वैश्य महिला मंडल झांसी के तत्वावधान में पुष्प वाटिका में रामनवमी महोत्सव के अवसर पर भव्य रामलीला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर सीता स्वयंवर तक की लीलाओं का अत्यंत आकर्षक एवं भावपूर्ण मंचन किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंचन के दौरान श्रीराम जन्म, ऋषि-मुनियों के यज्ञों की रक्षा एवं राक्षसों के अत्याचार से मुक्ति जैसे प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात सीता स्वयंवर का दृश्य दिखाया गया, जिसमें भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग कर माता सीता से विवाह का मनमोहक चित्रण किया गया। कार्यक्रम में माता सीता की विदाई का मार्मिक दृश्य भी प्रस्तुत किया गया। माता सुनैना के उपदेशों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विवाह के बाद स्त्री को अपने नए परिवार के साथ प्रेम, सम्मान और समझदारी से संबंध निभाने चाहिए।
रामलीला के माध्यम से एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी दिया गया कि जब माता सीता अयोध्या पहुंचती हैं, तब महाराज दशरथ का भाव सामने आता है कि “बेटी हमारे घर आई है, उसे सदैव खुश रखना और सम्मान देना चाहिए, क्योंकि वह अपना घर छोड़कर आई है।” यह संदेश वर्तमान समय में विशेष रूप से प्रासंगिक है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुनीता शर्मा, निलेश कुमारी, कमलेश निरंजन, क्रांति गुप्ता, अर्चना अवस्थी, इंदिरा गुप्ता, कुंज बिहारी गुप्ता, कल्पना सिंह, अजय मोदी, संजय पटवारी, उषा सेन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रामलीला में कलाकारों ने विभिन्न भूमिकाओं को जीवंत कर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वप्निल मोदी द्वारा किया गया। अंत में संस्था द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।