Home उत्तर प्रदेश राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात सब इंस्पेक्टर की हृदयगति रुकने से हुई...

राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात सब इंस्पेक्टर की हृदयगति रुकने से हुई मृत्यु

बारा में तैनात दरोगा की ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत

राज्यपाल की वीआईपी ड्यूटी के दौरान सब इंस्पेक्टर की मौत, रिटायरमेंट से 4 महीने पहले थम गई सांसें

PRAYAGRAJ NEWS: शनिवार को राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम की वीआईपी ड्यूटी के दौरान एक दुखद घटना सामने आई, जब ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के दौरे को लेकर नैनी क्षेत्र के अरैल इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बारा थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर नकछेद कन्नौजिया को डीपीएस स्कूल के पास बनाए गए हेलीपैड पर सुरक्षा ड्यूटी सौंपी गई थी। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे मौके पर ही गिर पड़े। साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में हृदयगति रुकने को मौत का कारण बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और मौके पर पहुंच गए तथा पूरे मामले की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और औपचारिक जांच की प्रक्रिया जारी है। प्राप्त समाचार के अनुसार कि सब इंस्पेक्टर नकछेद कन्नौजिया पिछले दो वर्षों से बारा थाने में तैनात थे और मूल रूप से अयोध्या जनपद के निवासी थे। उनकी सेवा निवृत्ति में महज चार महीने का समय शेष था। ड्यूटी के दौरान हुए इस आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग के साथ-साथ उनके परिवार में भी गहरा शोक व्याप्त है।पुलिस प्रशासन ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और हर संभव मदद का भरोसा दिया है।