Home उत्तर प्रदेश रसोइयों ने उठाई राज्य कर्मचारी का दर्जा और 10 हजार मानदेय की...

रसोइयों ने उठाई राज्य कर्मचारी का दर्जा और 10 हजार मानदेय की मांग, बीएसए को सौंपा ज्ञापन 

KUSHINAGAR NEWS: मिड-डे मील योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को भोजन परोसने वाली रसोइयों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। राष्ट्रीय रसोइया कर्मचारी समिति, जनपद कुशीनगर के बैनर तले रसोइयों ने सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राम जियावन मौर्य को ज्ञापन सौंपकर राज्य कर्मचारी का दर्जा, मानदेय में भारी बढ़ोतरी और नियमितीकरण की मांग की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन समिति के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश कुशवाहा के नेतृत्व में दिया गया। ज्ञापन में कहा गया कि रसोइयों को महज 2000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है, जो महंगाई के इस दौर में परिवार चलाने के लिए नाकाफी है। कई विद्यालयों में उनसे भोजन बनाने के अलावा झाड़ू लगवाना, शौचालय साफ कराना, बर्तन धुलवाना जैसे अतिरिक्त काम भी कराए जाते हैं, जिससे मानसिक और आर्थिक शोषण हो रहा है। समिति ने मांग की कि रसोइयों का मानदेय बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए, उन्हें नियमित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, मानदेय का भुगतान समय से हो और उत्पीड़न पर रोक लगे। ज्ञापन लेने के बाद बीएसए राम जियावन मौर्य ने मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान फेकनी, कलावती, रेनू देवी, ऊषा देवी, गुड़िया, गीता सहित बड़ी संख्या में रसोइया कर्मचारी मौजूद रहीं।