Home उत्तर प्रदेश यूरिया की कालाबाजारी, किसानों ने जिलाधिकारी से की कार्रवाई की मांग

यूरिया की कालाबाजारी, किसानों ने जिलाधिकारी से की कार्रवाई की मांग

SIDHARTHNAGAR NEWS: बढ़नी ब्लॉक क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों ने कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से उचित कार्रवाई की मांग की है। किसानों का आरोप है कि निर्धारित मूल्य से कहीं अधिक दाम पर यूरिया बेची जा रही है। रविवार को पकडिहवा चौराहे पर स्थित एक दुकानदार पर स्थानीय किसानों ने 500 रुपये प्रति बोरी यूरिया बेचने का आरोप लगाया है, जबकि इसका निर्धारित मूल्य 266.50 रुपये है। किसानों ने कहा कि इस समय खेतों में यूरिया की सख्त जरूरत है, लेकिन यह उपलब्ध नहीं है। जिन दुकानदारों के पास खाद है, वे इसका फायदा उठाकर भारी मुनाफा कमा रहे हैं। ग्रामीण बृजमोहन, त्रिभुवन, हनुमान, सुखें और श्रीराम ने बताया कि सहकारी समितियों पर खाद नहीं मिल रही है, जिससे प्राइवेट दुकानदार मनमाने ढंग से कालाबाजारी कर रहे हैं। इन दुकानदारों की दुकानें सिर्फ सुबह और शाम को ही खुलती हैं, जिससे किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। क्षेत्र के दर्जनों किसानों और बुद्धिजीवियों ने खाद की कालाबाजारी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में, जिला कृषि अधिकारी मो. मुजम्मिल ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और जांच करवाकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।