VARANASI NEWS: हरिश्चन्द्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने यू.पी. प्रमाण पोर्टल पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में पांचवां एवं वाराणसी मंडल में पहला स्थान प्राप्त किया है। महाविद्यालय को अप्रैल-2026 के स्कोर में 100 में 60.47 अंक प्राप्त हुए हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुँवर ने बताया कि क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, वाराणसी से प्राप्त सूचना के अनुसार यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यू.पी प्रमाण पोर्टल के अंतर्गत प्रदेश के सभी राजकीय, अशासकीय एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों को 43 पैरामीटर का डाटा प्रत्येक माह पोर्टल पर अपलोड करना होता है, जिसे क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी द्वारा अनुमोदित किया जाता है। इसके आधार पर महाविद्यालयों को 100 अंकों में स्कोर प्रदान किया जाता है। महाविद्यालय के प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिला है। जनवरी-2026 में महाविद्यालय का स्कोर 54.09, फरवरी में 58.09, मार्च में 59.20 तथा अप्रैल-2026 में बढ़कर 60.47 हो गया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास को दिया है।







