नगर आगमन पर भव्य स्वागत
FATEHPUR NEWS: यूपी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पद पर मनोनीत होने के बाद नारायन बाबू गुप्ता के नगर आगमन पर चौक स्थित कैंप कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया गया। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव विनोद गुप्ता एवं युवा प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिंपल के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने उन्हें बैज, पटका, माला एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया और मिष्ठान खिलाकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर विनोद गुप्ता ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह द्वारा नारायन बाबू गुप्ता को जिलाध्यक्ष बनाए जाने से जनपद के उद्यमियों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वे अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते हुए उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करेंगे। युवा प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिंपल ने कहा कि यह सभी के लिए गर्व की बात है कि परिषद के एक सक्रिय पदाधिकारी को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नारायन बाबू गुप्ता उद्यमियों के मान-सम्मान और हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य करेंगे। जिलाध्यक्ष अरुण जायसवाल ने बधाई देते हुए कहा कि नारायन बाबू गुप्ता एक जुझारू और कर्मठ कार्यकर्ता हैं, जो व्यापारियों के हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहते हैं। उन्हें मिला यह दायित्व संगठन और व्यापारियों के लिए लाभकारी साबित होगा। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के रज्जन गुप्ता, सुशील गुप्ता ‘फौजी’, बद्री गुप्ता, संजय जौहरी, दीपक साहू, राजू मोदनवाल, मनीष गुप्ता, आशीष अग्रहरि, मनोज सोनी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।





