JAUNPUR NEWS: राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारम्भ महाविद्यालय परिसर में उत्साह, ऊर्जा और सामाजिक प्रतिबद्धता के माहौल में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख करंजाकला मम्मन यादव उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि मम्मन यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि युवा वर्ग सेवा, स्वच्छता, साक्षरता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण को अपने जीवन का उद्देश्य बना ले, तो गांवों में विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने स्वयंसेवकों को मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अहमद अब्बास खान और सुमित सिंह ने प्रभावशाली ढंग से किया। द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के डीन प्रो. अजय कुमार दुबे ने कौशल विकास को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान, नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया।
विशिष्ट अतिथि टीडी कॉलेज के समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. हरिओम त्रिपाठी ने एनएसएस को सामाजिक समरसता और सेवा भावना का सशक्त मंच बताते हुए विद्यार्थियों को समाज से जुड़कर कार्य करने की प्रेरणा दी। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम है। शिविर के जरिए युवाओं में सेवा और समर्पण की भावना विकसित होती है।
इस दौरान अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि रामसूरत मौर्य, संजीव चौरसिया, डॉ. जीवन यादव, आर.पी. सिंह, डॉ. ममता सिंह (कार्यक्रम अधिकारी), डॉ. नीलेश सिंह, डॉ. विवेक विक्रम सिंह, डॉ. अमित जायसवाल, डॉ. अरविंद यादव, डॉ. प्रज्वलित यादव, प्रवीण यादव सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य और सैकड़ों स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाएं मौजूद रहीं।







