नेशनल हाइवे पर पुलिस चौकी के सामने गोलीबारी की घटना की तह में आरोपियों से पूछतांछ में जुटी है लालगंज पुलिस
PRATAPGARH NEWS: सरेशाम नेशनल हाइवे से लगी पुलिस चौकी के सामने गोलीबारी की घटना को लेकर कोतवाली पुलिस ने आरोपियो पर तगड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस नाबालिग समेत दो आरोपियो को हिरासत मे लेकर कड़ाई से पूछताछ मे जुटी बतायी गयी है। वही आरोपियो के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास तथा दहशतगर्दी को लेकर गंभीर धाराओ मे केस दर्ज किया है। इधर गोली से गंभीर रूप से घायल की स्थिति घटना के दूसरे दिन प्रयागराज मेडिकल कालेज मे नाजुक बतायी गयी। लालगंज कोतवाली के पूरे बोधी सिंह निवासी सुभाष सिंह पुत्र स्व0 रामनरेश सिंह ने दी गई तहरीर में कहा है कि उसका पुत्र सौरभ सिंह रविवार की शाम उसके भांजे रायबरेली जिले के शाहपुर थाना लालगंज निवासी अनिकेत उर्फ सक्षम सिंह पुत्र सती बहादुर सिंह के साथ स्कूटी से रानीगंज कैथौला बाजार घरेलू सामान खरीदने गया था। करीब पांच बजे शाम पुलिस चौकी के पास कार में कोतवाली लालगंज के अगई निवासी संजय शुक्ल पुत्र सूर्य नारायण शुक्ल व उसका नाबालिग बेटा भी वहां मौजूद था। कार पीछे करते समय सौरभ की स्कूटी मे धक्का लग गया। टोंकाटोंकी को लेकर आरोपी संजय व उसका बेटा पीड़ित के बेटे व भांजे के साथ गालीगलौज करने लगे। मना करने पर आरोपी मारपीट भी करने लगे। सौरभ जान बचाने को वहां से भागा तब आरोपियो ने उसे घेर लिया। इस बीच उसके पुत्र पर लाइसेंसी असलहे से जानलेवा फायर आरोपियो ने झोंक दिया। गोली लगने से सौरभ वही मरणासन्न हो उठा। इस बीच बाजार में अफरातफरी मच गयी। आरोपियो द्वारा बाजार में हवाई फायरिंग के जरिए दहशत का माहौल बना दिया गया। सूचना पर लालगंज कोतवाल आलोक कुमार भारी फोर्स के साथ पहुंच गये। पुलिस ने दोनों आरोपियो को दौड़ा कर दबोच लिया। हालांकि गोली की घटना के समय चौकी के मौजूद दो सिपाहियों के हाथ पर हाथ धरकर खड़े रहने को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा गया। स्थिति की नजाकत भांप लालगंज सीओ राजीव द्विवेदी भी घटनास्थल पहुंच गये। पुलिस ने घायल के पिता की तहरीर पर आरोपी संजय शुक्ला तथा उसके नाबालिग बेटे के खिलाफ गंभीर धाराओं में सोमवार को केस दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों से घटना के पहलू को लेकर कड़ाई से पूछतांछ में जुटी बतायी गयी है। इधर घायल युवक सौरभ को प्रयागराज मेडिकल कालेज में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। सूत्रों के मुताबिक उसकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। कोतवाल आलोक कुमार का कहना है कि केस दर्ज किया गया है। आरोपियो को पूछतांछ के बाद जेल भेजा जाएगा।







