यमुना में उफान के बीच बाढ़ग्रस्त गाँवों का निरीक्षण करते एसडीएम
ETAWA NEWS: यमुना नदी का बढ़ा जलस्तर अब जनपद के कई गाँवों के लिए मुसीबत बन गया है। सदर तहसील क्षेत्र के लगभग दस ग्राम बाढ़ जैसी स्थिति में पहुँच गए हैं। इनमें सबसे अधिक प्रभावित पड़राया, धमना कछार, प्रतापनेर और कसोंगा हैं। इसके अलावा सिलायता की मड़ैया व मिहौली के कुछ घरों में भी पानी घुस गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बुधवार को ग्राम पड़राया, धमना कछार और तोड़ा प्रतापनेर का दौरा किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी, एसडीएम सदर, तहसीलदार, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, नगर पालिका परिषद के अधिकारी और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। डीएम ने संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएँ तत्काल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सदर विधायक सरिता भदौरिया राजनीतिक व्यस्तताओं के चलते मौके पर नहीं पहुँच सकीं, लेकिन उन्होंने फोन पर ग्रामवासियों से वार्ता कर हाल जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक ने प्रशासन को आवश्यक सुविधाएँ और राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। ग्राम पड़राया में आज 100 राहत किटों का वितरण किया गया। बाढ़ प्रभावित गाँवों में लगातार नावों की व्यवस्था, भोजन पैकेट और पीने के पानी की आपूर्ति कराई जा रही है। जिलाधिकारी और सदर विधायक के निर्देश पर सभी विभाग आपसी तालमेल से राहत कार्य में जुटे हुए हैं।







